Ques. - भारत छोड़ो आन्दोलन के कारण बतायें | (Write the causes of Quit India Movement.)
Ans . 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन प्रारम्भ हुआ जिसे भारतीय स्वाधीनता संग्राम के इतिहास में बड़ा ही महत्त्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। इस आंदोलन के शुरू होने के महत्त्वपूर्ण कारण निम्नलिखित थे -
(i) क्रिप्स मिशन की असफलता - क्रिप्स मिशन की असफलता से यह प्रमाणित हो चुका था कि यह अंग्रेजों की एक राजनीतिक चाल थी जिसका एकमात्र उद्देश्य अमेरिका और चीन को खुश करना था। इस बात की जानकारी होते ही पूरे भारत में असंतोष की लहर दौड़ गई । फलतः लोगों को भारत छोड़ो आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होना पड़ा।
(ii) द्वितीय विश्वयुद्ध में ब्रिटेन की दयनीय स्थिति - द्वितीय विश्वयुद्ध में भारतीय को यह विश्वास हो गया था कि ब्रिटिश सरकार भारत की रक्षा करने में सफल नहीं हो सकती ; क्योंकि वह जापान का मुकाबला नहीं कर पा रही थी। फिर भारतीय नेताओं में भी यह विश्वास घर कर गया था कि जापान भारत के विरुद्ध नहीं बल्कि साम्राज्य ब्रिटेन के विरुद्ध लड़ रहा है। ऐसी स्थिति में भारतीय स्वतन्त्रता के लिए संघर्ष करना जरूरी था।
(iii) काँग्रेस का वर्धा प्रस्ताव - 14 जुलाई , 1942 को वर्धा में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक हुई , जिसमें भारतीय लोगों को भ्रष्टाचार , कालाबाजारी , चोरबाजारी और मँहगाई से बचाने के लिए सरकार से एक ही माँग की गयी कि अंग्रेज भारत छोड़कर चले जायें। वर्धा प्रस्ताव में भारत छोड़ो आंदोलन की शुरू करने की ही भूमिका तैयार करायी गयी।
(iv) गाँधीजी की विचारधारा में परिवर्त्तन - अबतक महात्मा गाँधी के विचारों में भी पूर्ण परिवर्तन आ चुका था। उन्होंने भी जनता में व्यापक असन्तोष और निराशा की भावना को पढ़ा और निष्कर्ष दिया कि अन्याय सहना कायरता के अलावा और कुछ भी नहीं है।
(v) कांग्रेस का भारत छोड़ो प्रस्ताव - 7 अगस्त , 1942 को बम्बई में कांग्रेस का अधिवेशन शुरू हुआ और 8 अगस्त को भारत छोड़ो प्रस्ताव पास किया गया। कांग्रेस कार्य समिति ने गाँधीजी के नेतृत्व में भारत छोड़ो आन्दोलन चलाने की घोषणा की। इसके बाद गाँधीजी ने 70 मिनटों का एक बड़ा ही प्रभावशाली भाषण देते हुए ' करो या मरो ' का नारा दिया।